चंबा-भटियात के कुमलाडी गांव में पेड़ पर चढ़ा भालू, मची अफरा-तफरी, इलाके में दहशत

WhatsApp News Group Join Now
WhatsApp Job Group Join Now
चंबा-भटियात के कुमलाडी गांव में पेड़ पर चढ़ा भालू, मची अफरा-तफरी, इलाके में दहशत

चंबा समाचार, 28 मार्च 2026 जिला चंबा के भटियात क्षेत्र के चिलावां पंचायत के कुमलाडी गांव में उस समय दहशत का माहौल बन गया जब एक भालू अचानक चीड़ के पेड़ पर चढ़ गया। कमलाडी के स्थानीय निवासी विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जब वह सुबह अपनी दुकान पर आए और दुकान का कूड़ा सड़क के पार जलाने के लिए जा रहे थे, तो उनकी नजर अचानक एक चीड़ के पेड़ पर पड़ी।

शुरुआत में उन्हें लगा कि यह कोई और जानवर है, लेकिन जब उन्होंने ध्यान से देखा तो पता चला कि वह भालू है। भालू लगभग 30 फीट ऊंचाई तक पेड़ पर चढ़ गया था। यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते लोग भालू को देखने के लिए मौके पर इकट्ठा हो गए।

वन विभाग की टीम ने दिखाई सूझबूझ, शोर मचाकर भालू को पेड़ से नीचे उतारा

घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने काफी सूझबूझ के साथ स्थिति को संभाला। करीब दोपहर 1 बजे के आसपास कर्मचारियों ने ढोल-नगाड़े और शोर-शराबा करके भालू को पेड़ से नीचे उतरने के लिए मजबूर किया। उनकी इस रणनीति से भालू सुरक्षित तरीके से नीचे उतर आया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे पकड़कर दूर जंगल में छोड़ दिया, जिससे गांव में किसी प्रकार का खतरा न रहे।

 स्कूल के पास मंडरा रहा था खतरा, समय रहते टली बड़ी दुर्घटना

इस घटना ने लोगों को इसलिए भी ज्यादा डरा दिया क्योंकि जिस स्थान पर भालू देखा गया, उसके पास ही एक स्कूल भी स्थित है, जहां बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। अगर समय पर वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंचती, तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। गांव के लोगों ने इस दौरान मीडिया और वन विभाग के कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि कर्मचारियों ने बहुत ही समझदारी और साहस का परिचय देते हुए भालू को बिना किसी नुकसान के पेड़ से नीचे उतारा और सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। यह कार्य वास्तव में सराहनीय है और इससे गांव की शांति और सुरक्षा बनी रही।