चंबा के चौगान में धूमधाम से मनाया गया हिमाचल दिवस 2026, राजेश धर्माणी रहे मुख्य अतिथि

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
चंबा के चौगान में धूमधाम से मनाया गया हिमाचल दिवस 2026, राजेश धर्माणी रहे मुख्य अतिथि

चंबा समाचार 15 मार्च 2026 (विशाल मल्होत्रा) चंबा के ऐतिहासिक चौगान में आज हिमाचल दिवस मनाया गया। हिमाचल प्रदेश की 78वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में राजेश धर्माणी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह की शुरुआत मंत्री राजेश धर्माणी द्वारा ध्वजारोहण से की गई।

ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने पुलिस, होमगार्ड, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों की 12 टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत सलामी ली। इस दौरान कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा।

इसके बाद राजेश धर्माणी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने बताया कि जब वर्तमान सरकार ने कार्यभार संभाला था, तब राज्य पर लगभग 76,000 करोड़ रुपये का कर्ज था। सरकार ने विभिन्न स्रोतों से राजस्व बढ़ाने के प्रयास किए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बीते तीन वर्षों में सरकार ने लगभग 38,000 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।

राजेश धर्माणी ने कहा कि सरकार चंबा के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में चंबा को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी गई है। कार्यक्रम के समापन के बाद स्कूली बच्चों द्वारा हिमाचली संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दी गईं। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर चंबा के सदर विधायक नीरज नायर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, उपायुक्त मुकेश राजपाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी सहित अन्य सरकारी अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now